उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए हमले में मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सुरौली थाना क्षेत्र के रहने वाले शिवानंद चौरसिया दो भाइयों में बड़े थे और सिंगापुर की एक शिपिंग कंपनी के पोत पर नाविक के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह करीब सात माह पहले नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। बताया जा रहा है कि उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था, तभी हुए हमले में उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी सबसे पहले दुबई में कार्यरत उनके छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया को मिली। उन्होंने गुरुवार सुबह मोबाइल फोन के जरिए परिवार को इसकी सूचना दी। बाद में जिला प्रशासन ने भी परिजनों को घटना की आधिकारिक जानकारी दी।
सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पिता रामजी चौरसिया, माता कलावती देवी, पत्नी सुशीला और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवानंद अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र राजवीर और दो वर्षीय पुत्री वानिका को छोड़ गए हैं।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचने लगे। तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा दुख और शोक का माहौल है।









