
- लखनऊ में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल के 4 आरोपी रिमांड पर
- उत्तर प्रदेश एटीएस करेगी पूछताछ
- कई शहरों में रेकी करने का खुलासा
लखनऊ: राजधानी में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल के चारों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। उत्तर प्रदेश एटीएस अब उनसे पाकिस्तानी हैंडलर्स और आतंकी नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ करेगी।
एटीएस कमांडो ने शाकिब, विकास गहलावत, लोकेश उर्फ पपला पंडित और अरबाब को विशेष अदालत में पेश किया। कस्टडी रिमांड की मांग को अदालत ने स्वीकार करते हुए पांच दिन के लिए एटीएस को सौंप दिया।
कई शहरों में रेकी का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने लखनऊ, गाजियाबाद और अलीगढ़ जैसे शहरों में रेलवे संपत्तियों, प्रमुख संस्थानों और कुछ राजनीतिक व्यक्तियों की रेकी की थी। एटीएस अब इन स्थानों की पुष्टि और संभावित खतरे का आकलन कर रही है।
छोटे हमलों से बड़ी साजिश की तैयारी
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपियों ने पहले छोटे स्तर पर आगजनी की घटनाओं को अंजाम देकर अपने हैंडलर्स को ‘ट्रायल’ दिखाया था। इन घटनाओं के वीडियो भेजकर उन्हें भुगतान भी मिला, जिससे उनके हौसले बढ़े।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मामले के खुलासे के बाद राज्यभर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।








