
- बिना खाना खाए पहुंचे इवेंट में, मंच पर गिर पड़े विशाल
- ट्रांसजेंडर इवेंट के बीच अचानक बिगड़ी विशाल की तबीयत
- अस्पताल में भर्ती हुए विशाल, जानें तबीयत से जुड़ी ताज़ा जानकारी
नई दिल्ली। तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता विशाल कृष्ण रेड्डी हाल ही में एक कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल हुए, लेकिन अचानक मंच पर बेहोश हो गए। इस घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
क्या हुआ था?
विशाल तमिलनाडु के विल्लूपुरम के पास कूवगम गांव में आयोजित मिस कूवगम 2025 (एक ट्रांसजेंडर ब्यूटी पेजेंट) में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद उनकी टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, और होश में आने के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
टीम ने जारी किया बयान
इस घटना के बाद वायरल हुई तस्वीरों को लेकर विशाल की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि विशाल ने उस दिन दोपहर का खाना नहीं खाया था और सिर्फ जूस पीया था, जिससे उनकी एनर्जी कम हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी हालत चिंताजनक नहीं है और उन्हें नियमित आहार लेने की सलाह दी गई है।
पहले भी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ चुके हैं विशाल
यह पहली बार नहीं है जब विशाल को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसी साल जनवरी में उन्हें डेंगू हुआ था। इसके अलावा, हाल ही में अपनी फिल्म माधा गज राजा के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान भी वह तेज बुखार के साथ मंच पर पहुंचे थे और कमजोरी के चलते कांपते नजर आए थे।
विशाल का करियर और आगामी प्रोजेक्ट्स
विशाल तमिल सिनेमा के सुपरस्टार हैं और सत्यम, वेदी, अंबाला, एक्शन, विलेन, रत्नम जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुके हैं। इस साल उनकी फिल्म मधा गजा राजा रिलीज हुई, जो 2012 में बनी थी लेकिन 12 साल बाद 2025 में रिलीज की गई। इसके अलावा, वह जल्द ही थुप्पारिवालम 2 में नजर आएंगे, जो 2017 की ब्लॉकबस्टर फिल्म की सीक्वल है।








