- लखनऊ में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड
- अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
- अगले पांच दिन तक हीट वेव का अलर्ट जारी
लखनऊ। ज्येष्ठ माह की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक रहने की संभावना है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा तथा लू जैसी स्थिति बनी रहेगी।
लगातार बढ़ रहा तापमान, अगले 48 घंटे अहम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने जानकारी दी कि अगले 48 घंटों तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
पछुआ हवाओं का असर, नमी की भारी कमी
राजस्थान और मध्य भारत की ओर से आ रही गर्म पछुआ हवाएं लखनऊ और आसपास के इलाकों में गर्मी बढ़ा रही हैं। इसके साथ ही बादलों की अनुपस्थिति, शुष्क हवाएं और वातावरण में नमी की कमी, हीट वेव की स्थिति को और अधिक गंभीर बना रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टरों ने नागरिकों को धूप से बचाव के लिए सिर ढकने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, समय-समय पर पानी पीते रहने और धूप में अधिक समय तक न रहने की सलाह दी है। विशेषकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सावधानी बरतें।








