
- ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रधानमंत्री और सेना को बधाई प्रस्ताव
- बैठक में 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री हुए शामिल
- जातिगत जनगणना सितंबर से शुरू हो सकती है, अंतिम आंकड़े 2026-27 तक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के अशोक होटल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहे।
बैठक में कुल 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल (मोदी 3.0) के एक वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों की समीक्षा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता, आगामी जातिगत जनगणना और सुशासन से जुड़े अहम मुद्दों पर रणनीति बनाना रहा।
ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्ताव पारित
भाजपा के सुशासन विभाग के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने जानकारी दी कि बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर प्रधानमंत्री मोदी और सेना को बधाई देने हेतु एक प्रस्ताव पारित किया गया। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 टूरिस्टों की हत्या के बाद भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी।
इसके बाद पाकिस्तान ने 10 मई तक भारत पर कई ड्रोन हमले किए और सीमा पर गोलाबारी भी की। अंततः 10 मई को दोनों देशों ने सीजफायर की घोषणा की। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा संदेश देने के लिए 59 सांसदों को 33 देशों में भेजा है, जो 7 सर्वदलीय टीमों में विभाजित हैं। उनके साथ 8 पूर्व राजनयिक भी शामिल हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 20 मई को सांसदों को इस मिशन पर ब्रीफिंग दी थी।
जातिगत जनगणना पर चर्चा
बैठक में जातिगत जनगणना को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल को जातिगत जनगणना कराने की घोषणा की थी, जिसे मूल जनगणना के साथ जोड़ा जाएगा। यह प्रक्रिया सितंबर 2025 से शुरू होने की संभावना है और इसके पूरा होने में एक साल का समय लग सकता है। अंतिम आंकड़े 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक आ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि देश में पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जबकि अगली जनगणना 2021 में होनी थी, जो कोविड महामारी के चलते टाल दी गई थी।
ये भी पढ़ें-पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने की जनसुनवाई
मोदी सरकार 3.0 के एक साल पर मंथन
बैठक में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक साल पूरे होने पर भी विचार-विमर्श हुआ। वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा को 240 सीटें मिली थीं। एनडीए ने कुल 293 सीटों के साथ बहुमत प्राप्त किया था, जिसमें तेलुगु देशम पार्टी (TDP), जनता दल (यूनाइटेड) [JD(U)] और अन्य सहयोगी दलों की 53 सीटें शामिल थीं।
इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 10 वर्ष पूरे होने और देश में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ जैसे प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।








