
- डीएम व एसपी ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
- सोशल मीडिया सेल रहा सक्रिय, अफवाहों पर पैनी नजर
- किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं, प्रशासन ने ली राहत की सांस
अंबेंडकरनगर। जिले में शनिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार पारंपरिक श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। विभिन्न नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों की संख्या में नमाजियों ने सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और सामाजिक सौहार्द का परिचय दिया।
शहर स्थित ईदगाह मैदान पर सुबह 6 बजे से ही नमाजियों का जुटना शुरू हो गया था। लगभग आठ बजे शहर पेश इमाम ने नमाज अदा कराई। वहीं, शिया समुदाय द्वारा मीरानपुर की शिया जामा मस्जिद में सुबह 10 बजे नमाज अदा की गई, जिसमें मौलाना ने इमामत की। सभी नमाज स्थलों पर नमाजियों ने खुशहाली, अमन और भाईचारे की दुआ मांगी।
नमाज के बाद शुरू हुई कुर्बानी की प्रक्रिया
नमाज अदा होने के बाद लोगों ने घर लौटकर पारंपरिक तौर पर कुर्बानी का सिलसिला शुरू किया। कुर्बानी के साथ ही जकात व खैरात देने की परंपरा भी निभाई गई। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा घरों में विशेष व्यंजन तैयार किए गए, जिनका लुत्फ मेहमानों और परिजनों ने उठाया। त्योहार का उल्लास तीन दिन तक जारी रहने की परंपरा के अनुसार, रविवार और सोमवार को भी घरों में मिलने-जुलने का क्रम चलता रहेगा।
हर स्तर पर रही सख्त सुरक्षा व्यवस्था
बकरीद के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह से सक्रिय रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस बल तैनात किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी।








