
अंबेडकरनगर में ट्राला व्यवसायियों ने घटिया ट्राले बेचने का आरोप लगाया
ट्राले कुछ ही दिनों में दरकने, वेल्डिंग उखड़ने और संतुलन बिगड़ने लगे
सड़क पर ट्राले टूटने से वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान
अंबेंडकरनगर। जिले में ट्राला व्यवसाय से जुड़े मोटर मालिकों ने एक वाहन निर्माण कंपनी पर घटिया गुणवत्ता वाले ट्राले बेचने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया है। आरोप है कि लाखों रुपये में खरीदे गए ट्रालों में कुछ ही दिनों के भीतर दरारें पड़ने लगीं, वेल्डिंग उखड़ गई और लोड उठाने की क्षमता अत्यधिक कम पाई गई। कई मामलों में ट्राले बीच सड़क में टूटने की स्थिति में पहुंच गए, जिससे न केवल वाहन मालिकों को आर्थिक क्षति हुई बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ी।
मालिकों के अनुसार, घटिया ट्राले लोड के दौरान संतुलन नहीं बना पा रहे हैं और सड़क पर ही क्षतिग्रस्त हो जा रहे हैं। इससे न केवल लदे हुए माल का नुकसान हो रहा है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। कई बार समय से पहले ट्राले टूटने से व्यावसायिक आपूर्ति बाधित हुई और ट्रांसपोर्टिंग एजेंसियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्रभावित वाहन मालिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार कंपनी से संपर्क कर समस्या की जानकारी दी, लेकिन प्रतिनिधि न तो निरीक्षण के लिए पहुंचे और न ही किसी समाधान की पहल की गई। शिकायतों को बार-बार नजरअंदाज किया गया। ऐसे में मोटर मालिकों ने अब जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से जांच की मांग की है।
ट्राला व्यवसायियों का कहना है कि यह खुला धोखाधड़ी का मामला है। यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य वाहन मालिक भी इसी प्रकार के शोषण का शिकार होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित कंपनी की गुणवत्ता जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।








