लखनऊ में उमस भरी गर्मी और तेज आंधी के बीच बरसात के आसार

  • लखनऊ में आज दिनभर बादल और बरसात की संभावना
  • न्यूनतम तापमान 26°C, अधिकतम 34°C के आसपास
  • मौसम विभाग ने तेज आंधी और गरज-चमक की दी चेतावनी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश के आसार बने रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप-छांव और उमस भरी गर्मी के साथ-साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

बुधवार को हल्की बारिश, तापमान सामान्य से कम

बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे रहा। शाम को शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन उमस के चलते लोगों को राहत नहीं मिली।

समय पर आया मानसून, लखनऊ में समय से पहले पहुंचने के संकेत

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 18 जून को सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस बार समय पर आया है और अगले 24 घंटे में लखनऊ में पहुंच सकता है। जबकि राजधानी में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 23 जून होती है।

NLM के साथ बढ़ रही मानसून की रफ्तार

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की नॉर्दर्न लिमिट (NLM) अब बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, ग्वालियर, खजुराहो, सोनभद्र और गया तक पहुंच चुकी है। पश्चिम बंगाल और मध्य राजस्थान में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से मानसून की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। इसके कारण प्रदेश भर में बारिश की तीव्रता और दायरा दोनों बढ़ेंगे।

19 से 22 जून तक भारी बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने 19 से 22 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। 21 जून को लखनऊ में भारी बारिश के संकेत हैं। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बादलों की गड़गड़ाहट बनी रहेगी।

23 जून तक बरसात का असर रहेगा, फिर मौसम होगा साफ

बारिश का यह सिलसिला 23 जून तक बना रहेगा, जिसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है। लेकिन तब तक राजधानी के लोगों को गर्मी, उमस, तेज हवाओं और बारिश के मिले-जुले प्रभाव का सामना करना पड़ेगा।

Back to top button