
नई दिल्ली। मशहूर बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार बुधवार, 19 जून को शाम 5 बजे दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा।
बता दें कि 12 जून को पोलो मैच खेलते वक्त उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी।
इस दुखद मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर को अपने दोनों बच्चों, समायरा और कियान के साथ दिल्ली रवाना होते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में करिश्मा और बच्चे सफेद कपड़ों में नजर आए, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे पूर्व पति संजय कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे हैं।
करिश्मा और संजय कपूर का पारिवारिक इतिहास
संजय कपूर और करिश्मा कपूर ने साल 2003 में शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला। साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया। संजय और करिश्मा के दो बच्चे हैं—बेटी समायरा और बेटा कियान। तलाक के बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेवा से दोबारा शादी कर ली थी।
इससे पहले 1996 से 2000 तक संजय कपूर नंदिता महतानी के साथ भी वैवाहिक रिश्ते में रह चुके हैं।
22 जून को होगी प्रार्थना सभा
संजय कपूर के निधन के बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में एक प्रेयर मीट भी आयोजित की जाएगी, जिसमें परिवार, रिश्तेदारों और करीबियों के शामिल होने की उम्मीद है।








