लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया गया

लखनऊ। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर लखनऊ में भाजपा की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‘370 हटना डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना था कि भारत में एक संविधान, एक प्रधान और एक निशान हो। उन्होंने कहा कि यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर साकार किया गया। उन्होंने कहा कि यह फैसला डॉ. साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कश्मीर में दिया बलिदान, आज भी प्रेरणा देता है
सीएम योगी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा दिए जाने के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया और इसके खिलाफ संघर्ष करते हुए कश्मीर की जेल में बलिदान दिया। उनका यह बलिदान आज भी हमें प्रेरणा देता है।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, विधायक डॉ. नीरज बोरा और विधायक योगेश शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा ने तीन प्रमुख कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा
कैसरबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में वर्चुअल बैठक के दौरान आगामी तीन प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई:

  • 23 जून: बलिदान दिवस

  • 25 जून: आपातकाल स्मृति दिवस

  • 29 जून: ‘मन की बात’ व जनसंपर्क अभियान

इस बैठक में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, वरिष्ठ नेता नीरज सिंह और वर्चुअल संचालन प्रभारी प्रवीण गर्ग ने भाग लिया।

Back to top button