
- 2568 में से सिर्फ 489 को मिला ऋण
- जिलाधिकारी ने जताया असंतोष
- बैंकों को दिए स्पष्ट निर्देश
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जनपद में निर्धारित लक्ष्यों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
2568 आवेदन बैंक को प्रेषित, केवल 489 को मिला ऋण
बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत शासन द्वारा जनपद को 2200 लाभार्थियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक कुल 2568 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। हालांकि इनमें से केवल 624 आवेदन ही बैंकों द्वारा स्वीकृत किए गए हैं, और इनमें से 489 लाभार्थियों को ही ऋण वितरण हो सका है।
लक्ष्य के अनुरूप प्रगति में सुधार के निर्देश
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान सभी विभागों से उनके द्वारा प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी को अपने निर्धारित लक्ष्य को गंभीरता से लेना होगा और तय समय में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करनी होगी।
बैंकर्स को चेतावनी : आवेदन निस्तारण में तेजी लाएं
डीएम ने बैंकों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि बैंकों को चाहिए कि वह आवेदकों से समन्वय स्थापित कर उनके प्रपत्रों में जो भी त्रुटियां हैं उन्हें दूर करवाएं, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ शीघ्रता से मिल सके।









