लखनऊ में चटक धूप और उमस से बढ़ी बेचैनी

  • सुबह से लखनऊ में तेज धूप और हल्के बादलों की लुकाछिपी
  • अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम 29°C रहने का अनुमान
  • शुक्रवार को सामान्य से अधिक रहा तापमान, चिपचिपी गर्मी बनी रही

लखनऊ। शनिवार सुबह से राजधानी में तेज धूप और हल्के बादलों की लुकाछिपी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर कई बार बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, फिलहाल शहरवासी चिपचिपी गर्मी से परेशान हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था। शहरवासियों को दिनभर धूप और बादलों के बीच उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

दो दिन बाद लखनऊ में झमाझम बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों में लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने सहारनपुर में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, ललितपुर, झांसी, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, बरेली, लखीमपुर खीरी, गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर समेत 25 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Back to top button