फ्लिपकार्ट से ठगी कर मोबाइल हड़पने वाला गिरफ्तार- 19 मोबाइल बरामद

अम्बेडकरनगर। थाना इब्राहिमपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट कंपनी के साथ सुनियोजित ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 19 महंगे 5G एंड्रॉयड मोबाइल, एक इस्तेमाली मोबाइल और ₹310 नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी, MDH कनेक्टिंग इंडिया में हब इंचार्ज के पद पर तैनात था और उसी का फायदा उठाकर लगातार कंपनी को लाखों रुपये का चूना लगा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सचिन विश्वकर्मा पुत्र राजकरन विश्वकर्मा निवासी शाहपुर कुरमौल थाना टांडा जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है। अभियुक्त को सोमवार सुबह 5:10 बजे ग्राम शाही मस्जिद, इल्तिफातगंज के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने BNS की धारा 319(2)/318(4)/316(4) के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया।

ठगी का तरीका
अभियुक्त सचिन, ग्राहक के रूप में फ्लिपकार्ट पर अलग-अलग फर्जी आईडी बनाकर महंगे मोबाइल फोन ऑर्डर करता था। ऑर्डर आने के बाद वह उन्हें कैंसिल कर देता था और रिटर्न भेजते समय असली मोबाइल निकालकर केवल खाली डिब्बा वापस भेज देता था। बाद में वह मोबाइल अलग-अलग दुकानों पर बेच देता था।

प्रकरण पर क्षेत्राधिकारी टांडा  शुभम कुमार ने बताया,गिरफ्तार अभियुक्त कंपनी के पद का दुरुपयोग कर लंबे समय से फ्लिपकार्ट से ठगी कर रहा था। वह लगातार फर्जी आईडी के माध्यम से मोबाइल मंगवाकर उन्हें कंपनी को बिना वापस किए, बाजार में बेच देता था। मामले में गहन जांच की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध ठोस साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस तरह के आर्थिक अपराधों पर सतर्कता से कार्रवाई जारी रहेगी।”

Back to top button