- बैठक से ठीक पहले कार्यकारिणी हॉल की सीलिंग गिरी
- किसी के घायल होने की सूचना नहीं, बैठक शिफ्ट हुई
- डोर-टू-डोर यूजर चार्ज पर संशोधन का प्रस्ताव रखा गया
आगरा। आगरा नगर निगम में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। समिति के 13वें अधिवेशन की बैठक से कुछ ही समय पहले कार्यकारिणी हॉल की सीलिंग गिर गई, लेकिन सौभाग्य से उस वक्त हॉल खाली था और कोई भी मौजूद नहीं था। घटना के बाद बैठक को आनन-फानन में सदन कक्ष में स्थानांतरित किया गया।
समय से पहले पहुंचे पार्षदों ने जब कार्यकारिणी हॉल बंद देखा, तो कर्मचारियों ने उन्हें जानकारी दी कि हाल ही में छत का हिस्सा गिर चुका है। इसके चलते बैठक स्थल को बदलना पड़ा।
बैठक में रखे गए प्रमुख प्रस्ताव
बैठक में आधा दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
-
यूजर चार्ज में संशोधन
पार्षद रवि बिहारी माथुर ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में वसूले जा रहे यूजर चार्ज में संशोधन का प्रस्ताव रखा। तय हुआ कि यह मामला सदन की पूर्ण बैठक में सभी 100 पार्षदों की मौजूदगी में तय होगा। -
असिसमेंट और कर वसूली
मल्टीस्टोरी, आवासीय और व्यावसायिक भवनों से जुड़े असिसमेंट कर की वसूली की समय पर जानकारी देने से संबंधित प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। -
पौधरोपण के लिए ट्री गार्ड की मांग
उपसभापति हेमलता चौहान ने पौधरोपण अभियान में पौधों के साथ ट्री गार्ड उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि रखरखाव के अभाव में 70% पौधे मर जाते हैं, जिसे रोकने के लिए यह कदम जरूरी है। -
रोड कटिंग में पार्षद की सहमति आवश्यक
प्रस्ताव रखा गया कि जब भी टोरंट पावर या अन्य एजेंसियां रोड कटिंग करें, तो क्षेत्रीय पार्षद की सहमति से अनुमति पत्र जारी किया जाए। यह प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया। -
झलकारी बाई शोभायात्रा के लिए अनुदान वृद्धि
अमर शहीद झलकारी बाई की शोभायात्रा के लिए दिए जाने वाले अनुदान को 75,000 से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई। -
सफाई कर्मियों के गैंग की जानकारी
रवि माथुर ने मांग रखी कि नगर निगम को यह बताना चाहिए कि किस क्षेत्र में कितने सफाई कर्मियों के गैंग कार्यरत हैं, और उनके अधीन कितने कर्मचारी हैं।
प्रमुख अधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सत्येंद्र कुमार तिवारी, डॉ. सरिता सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकाल पूरा करने वाले सदस्यों को दी गई विदाई
बैठक के अंत में कार्यकाल पूरा होने पर हेमलता चौहान, रवि बिहारी माथुर, बद्री प्रसाद माहौर, बनवारीलाल, हरिओम गोयल और गजेंद्र पिप्पल को मेयर हेमलता दिवाकर ने सम्मानपूर्वक विदाई दी।








