
अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर के वार्ड संख्या-5 शिवबाबा, सीहमई करीरात स्थित धार्मिक स्थल श्रीकारेदेव बाबा धाम के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को लेकर भाजपा नेता व नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से लखनऊ में भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
मंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश
कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस धार्मिक स्थल को आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
क्षेत्रीय आस्था का केंद्र है यह स्थल
श्रीकारेदेव बाबा धाम अकबरपुर विधानसभा के अंतर्गत स्थित एक प्राचीन धार्मिक स्थल है, जो क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। विभिन्न गांवों से निकलने वाली धार्मिक झांकियां और शोभायात्राएं इस स्थान पर आकर रुकती हैं, जिससे इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।
अभी तक नहीं मिली पर्याप्त सुविधाएं
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर अब तक कोई सुव्यवस्थित सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था या स्वच्छता की व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय नागरिकों ने इस दिशा में विकास और संरक्षण की मांग करते हुए विवेक मौर्य से संपर्क किया था। विवेक मौर्य ने बताया कि इस धार्मिक स्थल की अवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं ने उनसे लिखित रूप में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व सुविधा विस्तार की मांग की थी। इसी के तहत उन्होंने सरकार तक यह मांग पहुंचाई।








