
हरियाणा। नूंह जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मेवात के साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह नूंह में साइबर ठगी से जुड़े मामलों में पकड़ी गई पहली महिला बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान नगमा बेगम निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगों को सिम कार्ड और बैंकिंग सुविधाएं बेचने का काम करती थी। पुलिस ने उसे नूंह बस स्टैंड से दबोचा।
पुलिस गश्त के दौरान मिली सूचना, तुरंत की गई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस गश्त पर थी, तभी टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध महिला साइबर अपराधियों को फर्जी सिम और खातों की सप्लाई देने के उद्देश्य से नूंह बस स्टैंड पर मौजूद है। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और महिला को पकड़ा।
कई फर्जी दस्तावेज और डिवाइस बरामद
महिला की तलाशी लेने पर उसके पास से चार मोबाइल फोन, तीन फर्जी सिम कार्ड, छह एटीएम कार्ड, दो पासबुक, छह चेकबुक और दो फेसबुक अकाउंट्स की जानकारी बरामद की गई। बरामद सिम कार्ड अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से पंजीकृत थे और इन्हें साइबर ठगी में इस्तेमाल किया जाना था।








