
- थाने में पंचायत के दौरान पुलिस ने केस और जेल की धमकी दी: परिजन
- जहर खाते ही पूजा यादव बेसुध होकर डीसीपी ऑफिस के सामने गिर पड़ी
- अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
वाराणसी। वाराणसी के कोतवाली थाना परिसर में शुक्रवार को एक महिला ने पुलिस कार्रवाई और प्रेम संबंधों के विवाद से परेशान होकर जहर खा लिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा यादव के रूप में हुई है।
यह घटना डीसीपी ऑफिस के ठीक सामने हुई, जहां महिला बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उसके मुंह से झाग निकलने लगा।
प्रेमी को लेकर चल रहा था विवाद, थाने में हो रही थी ‘पंचायत’
जानकारी के अनुसार, पूजा यादव का दो साल से गांव के युवक रोशन यादव से प्रेम संबंध था। वहीं, रोशन का एक और अफेयर वाराणसी के पियरी की एक युवती से भी चल रहा था। जब युवती को दोनों के रिश्ते का पता चला, तो उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर पुलिस ने पूजा को थाने बुलाया। शुक्रवार को महिला थाने में तीनों – शिकायतकर्ता युवती, पूजा यादव और रोशन यादव – को आमने-सामने बैठाया गया। यहीं पर पुलिस द्वारा कथित रूप से समझौता न करने पर पूजा को केस दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी दी गई।
एकतरफा कार्रवाई से आहत थी पूजा, थाने में खा लिया जहर
पुलिस के रवैये से दुखी होकर पूजा ने थाने परिसर में ही जहर खा लिया। वह वहीं गिर पड़ी। उसका डेढ़ साल का बेटा भी उसके साथ मौजूद था। पुलिस उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।







