
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को नारकोटिक्स टीम और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 करोड़ से अधिक कीमत की ड्रग्स के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस, मार्फिन, मैफेड्रान और गांजा बरामद किया है।
संयुक्त ऑपरेशन में मिली बड़ी कामयाबी
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि गऊ घाट इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना पर एएनटीएफ यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 252 ग्राम चरस, 1.015 किलोग्राम मार्फिन, 6 ग्राम मैफेड्रान और 5.5 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल जब्त माल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10.29 करोड़ रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेहा निषाद (24), आयुष (20), श्रवण कुमार (65) और सुफियान (20) के रूप में हुई है। इनके पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार, चार मोबाइल, बैंक चेक बुक, पासबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस जुटा रही नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों की जानकारी
पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी इतने बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी किसके सहयोग से कर रहे थे और क्या इसका कोई अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन है।








