आगरा। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में भेंट कर आगरा में प्रस्तावित नक्षत्रशाला, यमुना बैराज, चौपाटी, पालीवाल पार्क विस्तार और अन्य विकास योजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। बैठक के दौरान पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता भी मौजूद रहे।
नक्षत्रशाला के भूमि पूजन की तिथि जल्द तय करने का अनुरोध
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आग्रह किया कि नक्षत्रशाला के भूमि पूजन व शिलान्यास की तिथि शीघ्र घोषित की जाए, ताकि निर्माण कार्य आरंभ हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छात्रों को खगोलशास्त्र की शिक्षा और शैक्षिक पर्यटन में नई दिशा देगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
एक साल पहले हुआ था परियोजना का निर्णय
करीब एक वर्ष पूर्व पंचकुइयां रोड स्थित जीआईसी फील्ड के सामने नक्षत्रशाला की स्थापना का निर्णय लिया गया था। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि का हस्तांतरण भी मंत्रिपरिषद द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है।
यमुना बैराज और चौपाटी से बढ़ेगा पर्यटन
ज्ञापन में मंत्री ने बताया कि यमुना डाउन स्ट्रीम में प्रस्तावित बैराज और वेदांत मंदिर से हाथी घाट तक प्रस्तावित चौपाटी की तर्ज पर सौंदर्यीकरण कार्यों से आगरा को नया पर्यटन स्वरूप मिलेगा। यह न सिर्फ स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर मनोरंजन स्थल होंगे, बल्कि शाम के समय सुरक्षित पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विकसित किए जा सकेंगे।
पालीवाल पार्क में बाल विहार और साफ-सफाई योजनाएं
मंत्री ने आगरा के पालीवाल पार्क में बाल विहार के विकास और लंगड़े की चौकी स्थित हनुमान मंदिर के समीप नाले के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।








