
- कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने हेतु शुरू किया अभियान
- जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने गांव-गांव पहुंचने का दिया संदेश
- खानशाह सुलेमपुर खपुरा व भियांव में हुईं प्रमुख बैठकों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी
अंबेडकरनगर। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिले में बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने की दिशा में बैठकें आयोजित की गईं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी लेते हुए प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंच बनानी होगी, जिससे आम जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए पार्टी संघर्ष कर सके।पूर्व जिला अध्यक्ष राम कुमार पाल, सुनील मिश्र, आलोक पाठक और सुनील सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी तभी प्रभावशाली होगी, जब वह स्थानीय स्तर पर जनता के साथ खड़ी दिखाई देगी। गांवों में पहुंच कर जनसमस्याएं सामने आएंगी और उनके निराकरण के लिए संगठन को सक्रिय रहना होगा।अभियान के तहत ब्लॉक अकबरपुर के खानशाह सुलेमपुर खपुरा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद जियाउद्दीन अंसारी ने की, जबकि संचालन अमित कुमार यादव संजय ने किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि पूर्व अध्यक्ष राम कुमार पाल मौजूद रहे।वहीं भियांव ब्लॉक की बैठक ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। संचालन जिला महासचिव अबू सहमा ने किया, जबकि मुख्य अतिथि सुनील मिश्र और विशिष्ट अतिथि आलोक पाठक थे।मीडिया प्रभारी अवधेश मिश्र बब्लू ने बताया कि जल्द ही सभी ब्लॉकों में इसी तरह की बैठकें आयोजित कर बूथ स्तर पर संगठन संरचना तैयार की जाएगी, जिससे आगामी चुनावों में पार्टी पूरी ताकत से उतर सके।








