
- जयपुर के जामडोली में 22 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या
- आरोपी हिस्ट्रीशीटर अनस खान ने वारदात के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो डाला
- हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने जयपुर-आगरा हाईवे जाम किया
जयपुर। राजधानी जयपुर के जामडोली इलाके में रविवार रात को एक दिल दहला देने वाली वारदात में 22 वर्षीय युवक विपिन नायक उर्फ विक्की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अनस खान उर्फ शूटर पर है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर विपिन की छाती में ताबड़तोड़ चाकू घोंपे। वारदात के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- “आज बदला पूरा हुआ।”
इस घटना के बाद सोमवार सुबह से ही इलाके में तनाव का माहौल रहा। गुस्साए लोगों ने जयपुर-आगरा हाईवे पर सुबह 9 बजे जाम लगा दिया और मुआवजा, नौकरी, थानाधिकारी के निलंबन व फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुकानों पर पथराव भी किया, जिससे कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं। इस दौरान एक पुलिस जवान घायल हुआ।
हत्या के बाद वीडियो वायरल कर दिया संदेश
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे विपिन नायक की हत्या की गई। आरोपी अनस खान पालड़ी मीणा का रहने वाला है और फिलहाल भट्टा बस्ती में रह रहा था। वह अपने साथियों के साथ बाइक पर आया और विपिन को घर के सामने से अंधेरे में बुलाकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद लोगों को धमकाते हुए फरार हो गया।
वारदात के बाद अनस ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली और “बदला पूरा हुआ” लिखते हुए पूरे मामले को खुला चैलेंज बना दिया।
पुलिस कस्टडी में पिस्टल छीनने की कोशिश, गोली लगने से घायल
सोमवार सुबह पुलिस जब अनस को गिरफ्तार कर थाने ला रही थी, तब उसने ASI की पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे अनस के दोनों पैरों में गोली लग गई। उसे SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
11 घंटे चला विरोध, शाम को बनी सहमति
सुबह से शुरू हुआ विरोध शाम 7:45 बजे खत्म हुआ, जब प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच सहमति बनी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, संविदा पर नौकरी, डेयरी बूथ और सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
DCP तेजस्विनी गौतम और एडिशनल कमिश्नर ने दी जानकारी
डीसीपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि हत्या के आरोप में पकड़े गए अनस खान ने पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश की थी, जिससे उसे गोली मारनी पड़ी। वहीं, एडिशनल कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर है।








