- पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद
- चोर सिर्फ दो मिनट में टेंपो लेकर फरार
- पीड़ित भाई सब्जी मंडी में करते हैं कारोबार
आगरा। शहर के ट्रांस यमुना कॉलोनी में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सब्जी व्यापारी दो भाइयों का लोडिंग टेंपो चोर महज दो मिनट में घर के बाहर से चोरी कर ले गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
यह मामला एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-1 का है, जहां रहने वाले रोहित और मोहित मंडी से सब्जी खरीदने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने एक लोडिंग टेंपो खरीदा था, जिसे अक्सर खंदौली रोड पर एक परिचित की दुकान के बाहर खड़ा कर देते थे। शुक्रवार की रात भी टेंपो वहीं खड़ा किया गया था।
कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना
शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक युवक गले में गमछा डाले टेंपो के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया। कुछ ही देर में वह टेंपो स्टार्ट करता है और दो मिनट के भीतर गाड़ी लेकर फरार हो जाता है। पूरी घटना साफ-साफ सीसीटीवी में नजर आ रही है।
पीड़ित रोहित ने बताया कि टेंपो उनके भाई मोहित के नाम पर खरीदा गया था, जिसका इस्तेमाल दोनों भाई रोज सब्जी लाने में करते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि चोरी की घटना की पहले से रेकी की गई थी।
पुलिस कर रही जांच
शिकायत मिलने के बाद एत्माद्दौला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।







