
- मेरठ में दिनदहाड़े कपड़ा कारोबारी की गोली मारकर हत्या
- राधना वाली गली में सरेआम फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार
- पुरानी रंजिश बनी हत्याकांड की वजह
मेरठ। शनिवार दोपहर मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब कपड़ा कारोबारी अबरार (45) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात राधना वाली गली में हुई, जब अबरार दुकान से खाना खाने घर जा रहा था। तभी एक नाबालिग ने सड़क पर उसे कमर के पास गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौके पर लिसाड़ी गेट, कोतवाली, नौचंदी और ब्रह्मपुरी थानों की पुलिस के साथ सीओ कोतवाली भी पहुंचे। इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
सड़क पर चलीं दो गोलियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अबरार पर दो राउंड फायर किए। पहली गोली कारोबारी की कमर में लगी, जबकि दूसरी गोली चूक गई। गोली चलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस घायल को तत्काल आनंद अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश बनी वजह
पुलिस के मुताबिक, अबरार और कुछ युवकों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इन्हीं में से एक ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की तीन टीमें इस मामले की तह तक जाने के लिए गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी का बयान
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच चल रही है।”







