
- बसखारी पुलिस ने बोलेरो पिकअप से तीन चोरी के पंपिंग सेट बरामद किए
- मौके से नौशाद, अबरार उर्फ दिलशाद और सौरभ सुमन गिरफ्तार
- टेनी उर्फ इत्तेशाम फरार, तलाश में पुलिस की टीम गठित
अंबेडकरनगर)। शनिवार को बसखारी थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरों के एक गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन में लदे तीन चोरी के पंपिंग सेट बरामद किए। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक फरार हो गया। पंपिंग सेट की चोरी को लेकर पहले से दर्ज तीन मुकदमों में इन अभियुक्तों का नाम सामने आने पर धाराएं बढ़ा दी गई हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
नहर किनारे छिपे थे आरोपी, बोलेरो में लदे थे चोरी के पंपिंग सेट
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी के पंपिंग सेट बोलेरो पिकअप में लादकर डोडो बाईपास नहर के किनारे जंगल की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही बसखारी पुलिस हरकत में आई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बोलेरो पिकअप को रोका गया और उसमें सवार तीन लोगों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक अन्य अभियुक्त टेनी उर्फ इत्तेशाम पिकअप से कूदकर भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार अभियुक्तों से खुलासा, चोरी की वारदातें हुईं उजागर
पुलिस ने जब गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद, अबरार उर्फ दिलशाद और सौरभ सुमन से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने तीनों पंपिंग सेट चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि ये वही पंपिंग सेट हैं, जिनकी चोरी को लेकर बेलापरसा गांव के किसानों ने बीते दिनों एफआईआर दर्ज कराई थी।








