
लखनऊ। राजधानी के बीकेटी थाना क्षेत्र में रविवार को एक सिपाही की पत्नी सौम्या कश्यप (25) ने खुदकुशी कर ली। उसने अपने कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले सौम्या ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट कर पति अनुराग कुमार और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और दूसरी शादी की साजिश का आरोप लगाया।
सौम्या ने वीडियो में बताया कि उसका पति अनुराग दूसरी शादी करना चाहता था और इसी बात को लेकर उसे मारता-पीटता था। उसने यह भी दावा किया कि ससुरालवाले, खासकर जेठ, उसे धमकाते थे और प्रताड़ित करते थे। पीड़िता ने कहा कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी है और अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा।
बताया गया है कि सौम्या और अनुराग ने एक साल पहले मंदिर में प्रेम विवाह किया था। हाल ही में सौम्या अपने मायके से लौटकर ससुराल आई थी। अनुराग वर्तमान में बीकेटी थाने में ईगल मोबाइल ड्यूटी पर तैनात है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो मैनपुरी से लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








