उरई जा रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत

  • बाइक से उरई जा रहे थे 72 वर्षीय नंदराम
  • अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल
  • इलाज के दौरान झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई मौत

झांसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्यावरी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 72 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान नंदराम नट पुत्र नंदूराम नट के रूप में हुई है, जो लहचूरा थाना क्षेत्र के धमना पायक गांव के रहने वाले थे। वह मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात दरोगा हरिराम के बड़े भाई थे। हादसे के वक्त नंदराम बाइक से उरई में रहने वाली अपनी बहन से मिलने जा रहे थे।

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत

बताया गया कि सोमवार को नंदराम अपनी बहन की तबीयत खराब होने की सूचना पर उनसे मिलने के लिए उरई जा रहे थे। जैसे ही वह स्यावरी गांव के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मऊरानीपुर सीएचसी में भर्ती कराया।

हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें ताऊ नंदराम की हालत देखकर गहरा सदमा लगा।

खेती-किसानी से जुड़े थे, तीनों बच्चों की कर चुके थे शादी

परिजनों ने बताया कि नंदराम किसानी करते थे और परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे। चार भाइयों में वे सबसे बड़े थे। मृतक के भतीजे महेश नागर ने बताया कि उनके ताऊ ने अपने दो बेटों और एक बेटी की शादी कर दी थी। उन्होंने पूरा जीवन सादगी और मेहनत से जिया। बहन की तबीयत खराब होने की खबर सुनकर वे बिना किसी को बताए ही उरई रवाना हो गए थे।

परिवार में मातम, पुलिस करवा रही पोस्टमार्टम

हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading