लखनऊ में युवक की निर्मम हत्या- बहन के सामने ताबड़तोड़ वार

  • लखनऊ के रहीमाबाद में युवक की हत्या
  • बहन के सामने ताबड़तोड़ हमला, चेहरा ईंट से कुचला
  • छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बखतौरी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 32 वर्षीय अमन दीक्षित की उसके ही घर में धारदार हथियार और ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या उस वक्त की गई जब अमन की बहन राधिका उसके पास ही मौजूद थी। वह हमलावरों के सामने गिड़गिड़ाती रही, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी।

बहन के सामने दरिंदगी, तब तक मारते रहे जब तक जान न निकल गई

मृतक की बहन राधिका ने बताया कि गांव निवासी पंकज दीक्षित, मंजू दीक्षित, नीरज दीक्षित, सपना दीक्षित, कल्पना दीक्षित और विमलेश दीक्षित अपने साथियों के साथ घर में घुसे और सीधे अमन पर हमला कर दिया। पहले बांके और ईंट से उसके सिर और पीठ पर वार किए गए। जब अमन जमीन पर गिर पड़ा तो हमलावरों ने उसका चेहरा ईंट से कुचल दिया। अमन की मौके पर ही मौत हो गई।

घर के कब्जे को लेकर चल रहा था पुराना विवाद

बखतौरी गांव में अमन के पिता सुशील दीक्षित अपने भाई मदन के घर की देखभाल कर रहे थे। मदन के बच्चे बाहर रहते हैं। गांव के ही कुछ लोगों की नज़र इस घर पर थी और वे कब्जा करना चाहते थे। इसे लेकर अमन और उसके परिवार का पंकज दीक्षित पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था। अमन और उसके पिता ने कई बार विरोध भी किया, जिस पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं।

पहले की शिकायत को नजरअंदाज किया गया: परिजनों का आरोप

मृतक के चचेरे भाई मुकेश दीक्षित ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि 10 दिन पहले भी दोनों पक्षों में इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था। मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन पुलिस ने सिर्फ शांति भंग की कार्रवाई करके मामले को टाल दिया। अगर उस वक्त सख्त कार्रवाई होती तो आज अमन जिंदा होता।

छह नामजद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इंस्पेक्टर आनंद द्विवेदी ने बताया कि राधिका दीक्षित की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और घर में घुसकर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Posts

लखनऊ के सीजी सिटी में बड़ा हादसा टला

लखनऊ। राजधानी के सीजी सिटी स्थित सीएसआई टावर में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। निरीक्षण के दौरान लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार समेत सात अधिकारी…

Continue reading
दरियापुर चौराहे पर ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर, एक की मौत, एक गंभीर

लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे पर ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल…

Continue reading