
- यूनाइटेड एयरलाइंस के बोइंग 787 में उड़ान के दौरान इंजन फेल
- 5000 फीट की ऊंचाई पर पायलटों ने दी ‘मेडे कॉल’
- रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग, लेकिन विमान को टो करना पड़ा
वॉशिंगटन। अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में उड़ान के दौरान इंजन फेल होने की घटना सामने आई है। यह घटना 25 जुलाई को हुई थी, लेकिन अब इसकी जानकारी सार्वजनिक की गई है। उड़ान के दौरान बाएं इंजन में खराबी आने के बाद पायलटों ने “मेडे कॉल” भेजा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ मिलकर स्थिति को संभाला।
फ्यूल डंप कर किया वजन संतुलित, 2 घंटे 38 मिनट हवा में रहा विमान
फ्लाइटअवेयर के अनुसार, प्लेन 2 घंटे 38 मिनट तक हवा में रहा और वॉशिंगटन के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में कई चक्कर लगाते हुए फ्यूल डंप किया ताकि लैंडिंग के समय वजन कम किया जा सके। इसके बाद पायलटों ने ATC से रनवे 19 सेंटर पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) के तहत उतरने की अनुमति ली।
कोई घायल नहीं, लेकिन इंजन फेल के कारण रनवे से नहीं हट पाया विमान
लैंडिंग के बाद खराब इंजन के कारण विमान अपने आप टैक्सी नहीं कर सका और उसे टो करके रनवे से हटाया गया। घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। विमान सोमवार तक वॉशिंगटन डलेस एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहा। यूनाइटेड एयरलाइंस और अमेरिकी एविएशन अथॉरिटी ने तकनीकी खराबी की जांच शुरू कर दी है।









