
- नाग पंचमी पर सरयू घाट पर श्रद्धालु किशोर हादसे का शिकार
- नितिन जायसवाल स्नान करते समय तेज धार में बहा
- प्रशासन मौके पर पहुंचा, SDRF की मदद से तलाश जारी
अंबेडकरनगर। नाग पंचमी की पावन सुबह उस वक्त मातम में बदल गई जब एक किशोर श्रद्धा से भरे स्नान के दौरान सरयू की तेज धारा में बह गया। यह हादसा जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के रामबाग घाट पर मंगलवार सुबह उस समय हुआ जब किशोर नितिन जायसवाल अपने बड़े भाई रोशन के साथ स्नान करने गया था।
डुबकी लगाते समय डगमगाया संतुलन
घाघरा नदी के रामबाग घाट पर नितिन ने भाई के साथ स्नान किया। स्नान के बाद जब रोशन नदी से बाहर निकल आया तो उसने नितिन से भी बाहर आने को कहा, लेकिन नितिन ने दो और डुबकी लगाने की जिद की। जैसे ही वह दुबारा नदी में उतरा, तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। नितिन कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया। भाई रोशन कुछ समझ पाता, इससे पहले हादसा घट चुका था।
प्रशासन और पुलिस मौके पर, SDRF बुलाई गई
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसडीएम सुभाष सिंह, थाना अध्यक्ष अजय प्रताप यादव और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन नदी की तेज धार के आगे सारे प्रयास विफल रहे।









