
- दुकान के भीतर कारोबारी ने फांसी लगाकर दी जान
- परिवार और क्षेत्र में सदमे का माहौल
- सुबह घर से सामान्य तरीके से निकले थे
अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया पंडित बाजार में मंगलवार को एक कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देवरिया बुजुर्ग गांव निवासी 40 वर्षीय सतपाल सिंह पुत्र कुंवर बहादुर सिंह ने अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी।
दोपहर बाद जब आस-पास के दुकानदारों को दुकान का शटर देर तक बंद दिखाई दिया, तो उन्होंने पास जाकर खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विजय तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सुबह रोज़ की तरह निकले थे दुकान के लिए
परिवार के मुताबिक सतपाल सिंह रोज़ की तरह मंगलवार सुबह नाश्ता करने के बाद दुकान के लिए निकले थे। किसी तरह का तनाव या परेशानी घर वालों के सामने जाहिर नहीं की थी। उनके पिता ने बताया कि वह सामान्य तरीके से घर से निकले थे और किसी प्रकार की बातचीत में कोई विचलन नहीं था। ऐसे में उनका यह कदम पूरे परिवार को हैरान कर गया है।
गांव में पसरा मातम, परिजन बेसुध
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देख रो-रोकर बेहाल हो गए। उनकी पत्नी और इकलौते पुत्र रूद्र (उम्र 11 वर्ष) की हालत देख आसपास के लोग भी भावुक हो उठे। सतपाल सिंह की सामाजिक छवि एक शांत व व्यवहार कुशल व्यक्ति की रही है, ऐसे में उनके इस कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।









