
- एनआरएलएम समिति की बैठक में 37 बिंदुओं पर समीक्षा
- जिले ने राज्य डैशबोर्ड में दूसरा स्थान प्राप्त किया
- स्कूलों में भोजन सामग्री की आपूर्ति समूहों से
अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआरएलएम डैशबोर्ड के 37 प्रमुख इंडिकेटरों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जनपद इस माह डैशबोर्ड पर राज्य में द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि पिछले माह प्रथम स्थान प्राप्त किया गया था।
महिलाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर देने पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अधिकतम अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके तहत जनपद के सभी इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज व तकनीकी संस्थानों में ‘प्रेरणा कैंटीन’ के संचालन हेतु निर्देश जारी करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की आपूर्ति समूहों से
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में 212 प्राथमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन हेतु दूध, सब्जी, फल, मसाले आदि की आपूर्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह संख्या जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तक बढ़ाई जाए ताकि समूहों को स्थायी आय का स्रोत मिल सके।
सरकारी कार्यालयों में समूहों से ली जाएगी स्टेशनरी और सामग्री
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्टेशनरी की आपूर्ति, इंटरलॉकिंग हेतु ब्रिक निर्माण एवं सीआईबी बोर्ड जैसी आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ही की जाए। इस व्यवस्था से समूहों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों में पारदर्शिता भी आएगी।








