
- राजाजीपुरम पेट्रोल पंप पर दबंगों का हमला
- दो दोस्तों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सिर फोड़ा
- मारपीट में घायल होकर हस्की पपी की मौत
लखनऊ। राजधानी के राजाजीपुरम स्थित पेट्रोल पंप पर दो दोस्तों की बेहरमी से पिटाई का मामला सामने आया है। 1 अगस्त को हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब वायरल हुआ है, जिसमें 7–8 युवकों की भीड़ दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटती दिखाई दे रही है। हमले के दौरान हाथ में पहने कड़े से वार कर एक युवक का सिर फोड़ दिया गया, जबकि उनके साथ मौजूद 2 महीने के हस्की पपी की मौत हो गई।
पीड़ित प्रफुल दीप श्रीवास्तव और उनके दोस्त अक्षत ने तालकटोरा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रफुल के अनुसार, उनका हस्की पपी बीमार था और वे उसे डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे वे राजाजीपुरम के टैंपो स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने रुके। तभी पीछे से 7–8 युवक पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कड़े से सिर पर वार, पपी की मौके पर मौत
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों में शामिल अभिजीत सिंह ने उनके सिर पर हाथ में पहने कड़े से हमला किया, जिससे वे खून से लथपथ हो गए। उनके दोस्त अक्षत को भी लात-घूसों से पीटा गया। दोनों बचने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवकों ने उन्हें पेट्रोल पंप परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
इस दौरान हमले की चपेट में आया हस्की पपी जमीन पर गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी वहीं मौत हो गई। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रफुल दीप श्रीवास्तव ने घटना के फुटेज के साथ तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।








