
- रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला
- करणी सेना से जुड़ा युवक पहुंचा था माला पहनाने
- सिर पर हाथ मारकर भागा, समर्थकों ने जमकर पीटा
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर बुधवार दोपहर एक युवक ने हमला कर दिया। यह घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर हुई, जब वह फतेहपुर जाते समय रायबरेली में रुके थे। भीड़ में शामिल एक युवक ने माला पहनाने के बहाने पास आकर उनके सिर पर पीछे से हाथ मारा और भागने लगा। समर्थकों ने दौड़ाकर युवक को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा।
युवक की पहचान रोहित द्विवेदी के रूप में हुई है, जो करणी सेना से जुड़ा बताया जा रहा है। उसके साथ मौजूद शिवम यादव को भी भीड़ ने पीटा। किसी तरह मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई।
हमलावर बोला- स्वामी प्रसाद ने ब्राह्मणों और भगवान राम का अपमान किया
पिटाई के बाद जब युवक से हमले की वजह पूछी गई तो उसने कहा, “मैं करणी सेना से जुड़ा हूं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने ब्राह्मण समाज और भगवान राम के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। वे बार-बार सनातन धर्म और हिंदू परंपराओं का विरोध करते हैं, इसलिए मैंने हमला किया।”
CO सिटी ने दी जानकारी
सीओ सिटी अमित सिंह ने बताया, “दोपहर करीब 1 बजे सारस चौराहे पर कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच मौर्य का काफिला रुका। उसी समय एक युवक माला पहनाने के बहाने उनके पास पहुंचा और सिर पर हाथ मारकर भागने लगा। दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर थाने लाया गया है।”
आरोपी गिरफ्तार, दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने रोहित द्विवेदी पुत्र अमरेश कुमार (निवासी कौरापुर गौरा, थाना डीह) और शिवम यादव पुत्र कृष्ण कुमार (निवासी गांव आटी, थाना डीह) को गिरफ्तार कर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया है।
इससे पहले भी हो चुका है हमला
करीब दो साल पहले लखनऊ में भी स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला हुआ था। उस वक्त एक युवक वकील की ड्रेस पहनकर आया और जूता फेंककर मारा। घटना इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई थी, जहां मौर्य सपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में जा रहे थे। उस समय भी सपा कार्यकर्ताओं ने युवक को बुरी तरह पीट दिया था।
स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक सफर
राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष
पांच बार विधायक और चार बार यूपी सरकार में मंत्री
योगी सरकार 1.0 में मंत्री पद पर रहे
2022 चुनाव से पहले बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हुए
कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से सपा प्रत्याशी रहे, चुनाव हारे
एक साल पहले सपा भी छोड़ दी
इससे पहले बसपा, लोकदल और जनता दल में भी रहे सक्रिय








