- मेंटीनेंस नंबर निकला 9 डिजिट का, टोल फ्री नंबर पर कॉल रिसीव नहीं
- सभी 6 लिफ्ट एक साथ हुईं ठप, जनरेटर से पावर सप्लाई देकर निकाले गए लोग
- KGMU प्रवक्ता बोले – “महज एक मिनट के लिए रुकी थी लिफ्ट”, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में गुरुवार को एक डरावनी घटना हुई। नई OPD बिल्डिंग की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में रुक गई, जिसमें कई मरीज और तीमारदार फंस गए। उनके साथ एक छोटा बच्चा भी लिफ्ट में बंद हो गया।
करीब आधे घंटे तक लोग लिफ्ट में फंसे रहे, इस दौरान गर्मी और घबराहट के कारण बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने लिफ्ट के मेंटीनेंस नंबर पर कॉल किया, लेकिन वह नंबर 9 अंकों का ही था और किसी से संपर्क नहीं हो सका। टोलफ्री नंबर पर भी कॉल रिसीव नहीं हुआ।
बिजली गुल, सभी छह लिफ्टें बंद
मिली जानकारी के अनुसार, अचानक बिजली कनेक्शन में खराबी आने से OPD बिल्डिंग की सभी 6 लिफ्टें बंद हो गईं। घटना के समय लिफ्ट में मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेंटीनेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर जनरेटर के जरिए पावर सप्लाई बहाल की, तब जाकर फंसे हुए लोग बाहर निकाले गए।
प्रशासन ने कहा – सिर्फ एक मिनट की दिक्कत थी
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि लिफ्ट केवल एक मिनट के लिए रुकी थी और किसी मरीज को कोई नुकसान नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर अफवाहें फैलीं, जबकि सारा काम सुचारु रूप से चल रहा है।








