लखनऊ में ड्यूटी पर तैनात सिपाही की हार्ट अटैक से मौत

  • लखनऊ में 38 वर्षीय सिपाही की हार्ट अटैक से मौत
  • सीने में दर्द के बाद खुद बाइक चलाकर CHC पहुंचे
  • इलाज शुरू होने के 10 मिनट में थमीं सांसें

लखनऊ। मंगलवार सुबह माल-रहीमाबाद थाना क्षेत्र में डायल-112 पर तैनात 38 वर्षीय सिपाही दीपक कुमार की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच सीने में तेज दर्द होने पर उन्होंने इसे गैस की समस्या समझा और खुद बाइक चलाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे।

डॉक्टर चंद्रप्रभा ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन महज 10 मिनट में उनकी सांसें थम गईं। डॉक्टर ने उन्हें अकेले आने का कारण पूछा था और किसी परिजन या साथी को बुलाने की सलाह दी थी, जिस पर दीपक ने कहा— “सुबह-सुबह कौन आएगा? दवा दे दीजिए।” इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे, इंस्पेक्टर नवाब अहमद और डायल-112 प्रभारी धर्मेंद्र यादव समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मूल रूप से आगरा निवासी दीपक माल में किराए के मकान में रहते थे।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा, हालांकि प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक को वजह माना जा रहा है।

हार्ट अटैक— एक वैश्विक खतरा
वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन के अनुसार, हर साल दुनियाभर में 2 करोड़ से अधिक लोग हृदय संबंधी बीमारियों से जान गंवाते हैं। यानी हर 1.5 सेकेंड में एक मौत। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, 2019 में 1.79 करोड़ मौतें हृदय रोग से हुईं, जिनमें से 85% हार्ट अटैक और स्ट्रोक से थीं। भारत में भी स्थिति चिंताजनक है— जर्नल ऑफ अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, 2016 में देश में 5.4 करोड़ लोग हृदय रोग से पीड़ित थे और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

Related Posts

अलमास टावर, लखनऊ में भव्य इफ्तार का आयोजन

रोज़ेदारों के साथ विभिन्न समुदायों की सहभागिता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश लखनऊ। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बर्लिंगटन चौराहे स्थित अलमास टावर में शनिवार को एक भव्य, सुव्यवस्थित…

Continue reading
हलवासिया ग्रुप की 4 संपत्तियां कुर्क

27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश 27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश लखनऊ। राजधानी की कॉमर्शियल कोर्ट ने 27.98 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े आर्बिट्रेशन मामले में…

Continue reading