कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य तिरंगा महोत्सव का आगाज़

  • कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा महोत्सव/मेला का भव्य आयोजन
  • स्वयं सहायता समूहों और विभागों की प्रदर्शनी
  • बच्चों ने देशभक्ति गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं

अंबेडकर नगर। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा महोत्सव/मेला का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आनंद कुमार शुक्ला ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित उत्पाद, तिरंगा झंडे, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) से संबंधित सामग्री, खादी एवं ग्रामोद्योग, चिकित्सा, प्रधानमंत्री आवास योजना, बेसिक शिक्षा, आईसीडीएस और अन्य विभागों की प्रदर्शनी लगाई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों का जोश
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा की छात्राओं द्वारा “माँ भारती स्तुति” की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं देशभक्ति लोकगीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

13 से 15 अगस्त तक हर घर फहराएं तिरंगा
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की कि “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तीसरे चरण (13–15 अगस्त 2025) में अपने घर, कार्यालय, दुकान, प्रतिष्ठान और होटलों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने बताया कि तिरंगा सही क्रम—ऊपर केसरिया, बीच में अशोक चक्र सहित सफेद और नीचे हरा रंग—साफ-सुथरा और 3×2 अनुपात में होना चाहिए। साथ ही नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया।

Back to top button