आज हर कोने में तिरंगे का रंग, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छाई रौनक

  • अंबेडकरनगर में स्वतंत्रता दिवस का उल्लास गुरुवार से चरम पर
  • नगर के प्रमुख चौराहों पर तिरंगे के रंगों में सजी रोशनी
  • स्कूलों, सरकारी दफ्तरों और बाजारों में आकर्षक सजावट
अंबेडकरनगर। जिले में स्वतंत्रता दिवस का उल्लास गुरुवार को ही चरम पर पहुंच गया। अकबरपुर नगर समेत सभी कस्बों व गांवों में तिरंगे के रंगों की रौशनी और सजावट ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। नगर के प्रमुख चौराहों—सरदार पटेल तिराहा, अंबेडकर प्रतिमा स्थल, तहसील तिराहा, श्रीराम तिराहा, सुहेलदेव चौराहा, गांधी चौराहा और गौहन्ना चौराहे—को आकर्षक लाइटिंग और राष्ट्रीय ध्वज से सजाया गया।

स्कूलों और प्रतिष्ठानों में रोशनी की बहार
सरकारी और निजी विद्यालयों से लेकर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तक, हर जगह तिरंगे के रंगों में नहाई सजावट नजर आई। विभिन्न स्कूलों की इमारतें, सरकारी दफ्तर और बाजार की दुकानों ने तिरंगे की झालरों और रंगीन लाइटों से लोगों का ध्यान खींचा। ज्यादातर लोगों ने बुधवार को ही अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहरा दिया था।

झंडा खरीदने वालों की लगी कतारें
सुबह से ही बाजारों में झंडा खरीदने वालों की भीड़ उमड़ी रही। दुकानों पर छोटे से लेकर बड़े आकार के झंडों की खरीदारी होती रही। कई लोग अपने घर के लिए, तो कई अपने वाहनों पर लगाने के लिए झंडा लेते दिखे। बच्चों में भी झंडा खरीदने का उत्साह साफ झलक रहा था।

सरकारी कार्यालयों में तैयारियां पूरी
दो दिन से चल रही सरकारी कार्यालयों की सजावट गुरुवार तक पूरी कर ली गई। जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर विकास भवन और नगर पालिका भवन तक, सभी जगह तिरंगे के रंगों की सजावट ने वातावरण को उत्सवी बना दिया।

Back to top button