
- मेसर्स अपैक्स डेवलपर्स के ठेकेदार ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
- 11 कार्यों पर सफल बोली के बावजूद अनुबंध आदेश जारी नहीं
- डीएम ने एडीएम और PWD अभियंता को सौंपी जांच जिम्मेदारी
अम्बेडकरनगर। जिला पंचायत अम्बेडकरनगर में ठेकेदारी प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मेसर्स अपैक्स डेवलपर्स के प्रोपराइटर आशुतोष वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी फर्म ने 17 मई को खोली गई निविदा में 11 कार्यों के लिए न्यूनतम दरों पर सफल बोली लगाई थी, बावजूद इसके उन्हें आज तक अनुबंध आदेश (कायदिश) जारी नहीं किया गया। ठेकेदार ने इस पूरे मामले को कमीशनखोरी और विभागीय भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं।
अनुबंध आदेश न मिलने पर ठेकेदार ने जिलाधिकारी से की शिकायत
ठेकेदार आशुतोष वर्मा ने 18 अगस्त को शपथपत्र सहित जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि विभागीय स्तर पर जानबूझकर अनुबंध प्रक्रिया को रोका जा रहा है। उनका कहना है कि पहले पंजीकरण में बाधा डाली गई, बाद में जब निर्धारित फीस जमा कर दी गई, तब पंजीकरण हुआ, लेकिन अब अनुबंध आदेश जारी करने में देरी की जा रही है।
डीएम ने दिए संयुक्त जांच के निर्देश
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता और अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड (PWD) को संयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच ठोस साक्ष्यों के आधार पर की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तय की जाए। जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तलब की गई है।








