
- CBI ने दलाल मोहम्मद आरिफ के साथ किया गिरफ्तार
- कारोबारी ने टोल फ्री नंबर पर की थी शिकायत
- होटल में 2 लाख रुपए लेते ही CBI ने किया छापा
मथुरा। यूको बैंक की सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह चौहान को सीबीआई टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक फ्लोर मिल कारोबारी से 4 लाख रुपये की मांग की थी। बैंक मैनेजर के साथ रिश्वत की डील कराने वाला दलाल मोहम्मद आरिफ भी सीबीआई के हत्थे चढ़ गया।
कैसे हुआ खुलासा?
कारोबारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने यूको बैंक से अपनी फर्म के लिए एक करोड़ रुपये का लोन लिया था। इसमें से 90 लाख रुपये मिलने के बाद शेष 10 लाख रुपये जारी करने के लिए बैंक मैनेजर ने 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित कारोबारी ने सीबीआई के टोल फ्री नंबर पर शिकायत की।
सीबीआई ने बनाई योजना
शिकायत के बाद सीबीआई ने कारोबारी के बेटे को रिकॉर्डिंग डिवाइस देकर आरोपी मैनेजर से बातचीत कराई। सभी बातचीत रिकॉर्ड होने के बाद टीम ने ट्रैप प्लान किया। पहली किस्त के तौर पर 2 लाख रुपये देने का प्लान तय हुआ।
होटल में दलाल के जरिए ली रकम
सोमवार शाम आरोपी मैनेजर ने दलाल मोहम्मद आरिफ के जरिए मथुरा के मसानी रोड स्थित एक होटल में 2 लाख रुपये की रकम ली। इसी दौरान सीबीआई टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। बाद में केमिकल टेस्ट कर रिश्वत की पुष्टि की गई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सीबीआई ने स्वतंत्र रूप से कार्रवाई की और स्थानीय पुलिस से सिर्फ बाहरी मदद ली।







