- जाम में फंसे लोगों ने खुद हटाया पेड़, प्रशासन की लापरवाही उजागर
- बारिश से किसानों को मिली राहत, धान की फसल को फायदा
- हर साल दोहराती समस्या, स्थायी समाधान की मांग
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर में मंगलवार दोपहर के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूप और उमस भरे मौसम के बाद आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश ने मौसम को तो सुहाना बना दिया, लेकिन शहर की सड़कों पर मुसीबत भी खड़ी कर दी।
अकबरपुर-इल्तिफातगंज मार्ग पर पेड़ गिरने से अवरुद्ध हुआ यातायात
बारिश के दौरान अकबरपुर-इल्तिफातगंज मार्ग पर स्थित राधे कृष्ण पेट्रोल पंप के पास एक पुराना शीशम का पेड़ तेज हवाओं के चलते सड़क पर गिर गया। पेड़ के गिरते ही मार्ग का एक हिस्सा पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। बड़ी गाड़ियों की आवाजाही बंद हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
छोटे वाहन चालक किसी तरह सड़क के किनारे से निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्थिति लगातार जटिल बनी रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।








