
- नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
- टैक्स संग्रह और वैकल्पिक संसाधनों से आय बढ़ाने पर चर्चा
- सड़क, नाली, जल निकासी व अन्य विकास कार्यों की समीक्षा
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में बुधवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार पासी ने बोर्ड को कई प्रस्तावों की जानकारी दी।
आय वृद्धि को लेकर तैयार हुआ खाका
बैठक की शुरुआत नगर पंचायत की आय को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए प्रस्तावों से हुई। अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार पासी ने बताया कि टैक्स संग्रह की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वैकल्पिक संसाधनों से भी आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई है। इसमें भवन कर, जलकर, विज्ञापन शुल्क व दुकानों के किराए जैसे स्रोतों को व्यवस्थित करने की योजना पर विचार किया गया।
विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा
बैठक में नगर क्षेत्र में चल रहे व प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सड़क, नाली, जल निकासी व्यवस्था सहित कई बुनियादी ढांचे के निर्माण व मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। नगर अध्यक्ष सुनीता ने कहा कि सभी सभासदों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके।
स्वच्छता अभियान को लेकर विशेष रणनीति
स्वच्छता को लेकर नगर पंचायत पूरी तरह गंभीर नजर आई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई, कूड़ा प्रबंधन, ब्लीचिंग पाउडर और मच्छरनाशी दवाओं के छिड़काव पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए अलग से टीमें गठित करने की योजना भी प्रस्तावित हुई, जो वार्डवार निगरानी रखेगी।








