
- मऊरानीपुर तहसील में खाद वितरण में देरी
- महिला किसान धरने पर बैठीं, बाईपास जाम
- सत्यापन और कर्मियों की कमी कारण
झांसी। मऊरानीपुर तहसील में खरीफ फसल के लिए खाद समय पर नहीं मिलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को महिला किसान तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गईं और झांसी बाईपास पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, जिले में समितियों के माध्यम से फसल के लिए खाद का वितरण किया जा रहा है, लेकिन कर्मियों की कमी और सत्यापन में देरी के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही। सुबह से केंद्र पर पहुंचे किसानों ने लंबे इंतजार के बाद भी खाद न मिलने पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आंदोलन कर रही महिलाओं ने सड़क पर नारेबाजी की और बाईपास पर गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया। उनका कहना था कि हर दिन सुबह से शाम तक इंतजार करने के बावजूद खाद नहीं मिल रही, कभी सत्यापन और कभी लोडिंग-अनलोडिंग में देरी की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर किसानों को शांत कराया और लगभग एक घंटे के जाम के बाद सड़क को साफ करवा दिया।









