टांडा में अतिरिक्त छज्जा गिरने से किशोर गंभीर रूप से घायल

  • अस्पताल में भर्ती फरहान, डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
  • नगर की निर्माण सुरक्षा व निगरानी पर उठे सवाल
  • प्रशासन से स्वतः संज्ञान लेने की मांग

अंबेडकरनगर। औद्योगिक बुनकर नगरी टांडा में शुक्रवार की शाम एक निर्माण हादसे ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुमताजगंज में एक मकान पर बनाया गया अतिरिक्त छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर लगभग 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

अचानक ढहा छज्जा, किशोर आया चपेट में

घटना शुक्रवार की शाम की है जब मोहल्ला मुमताजगंज में स्थित हाजी जुबैर अहमद अंसारी के मकान और बैठके (ऑफिस) पर निर्माण कार्य चल रहा था। मकान पर झाप (छज्जा) को बढ़ाने के उद्देश्य से हाल ही में अतिरिक्त निर्माण किया गया था। अचानक यह छज्जा पूरी तरह टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में मुसहां निवासी फरहान उर्फ सबलू पुत्र आलपीन आ गया। फरहान की उम्र लगभग 13 वर्ष बताई जा रही है और वह मकान मालिक के बैठके में ऊपरी काम में सहायता करता था।

आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया घायल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से घायल फरहान को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि फरहान को गंभीर चोटें आई हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Back to top button