जलालपुर में रामलीला का भव्य आयोजन

  • भावनात्मक मंचन और जीवंत झांकियों ने दर्शकों को किया भावविभोर
  • पुष्पवर्षा के बीच नगरवासियों ने किया झांकी का स्वागत
  • वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ तिलक व आरती

जलालपुर (अंबेडकरनगर), संवाददाता। नगर के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन को समर्पित श्री रामलीला सेवा समिति द्वारा आयोजित रामलीला के मंचन में इस वर्ष भरत मिलाप और राम राज्याभिषेक के प्रसंगों ने विशेष आकर्षण बटोरा। भावनात्मक मंचन, जीवंत झांकियों और परंपरागत वैदिक अनुष्ठानों ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। आयोजन में नगर के प्रमुख सामाजिक और धार्मिक चेहरों की सक्रिय भागीदारी रही।

भरत मिलाप का दृश्य बना केंद्रबिंदु

रामलीला के मुख्य आकर्षण में रहा “भरत मिलाप” का दृश्य, जिसे समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी के निर्देशन में मंचित किया गया। इस झांकी में भगवान राम के 14 वर्ष वनवास के उपरांत अयोध्या लौटने और भाई भरत से भेंट के भावनात्मक क्षण को बड़े ही मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

झांकी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुनि आश्रम तक पहुंची, जहां कुछ समय के लिए विश्राम कर श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर दिया गया। इस दौरान नगरवासियों ने रास्ते भर पुष्पवर्षा कर झांकी का स्वागत किया।

वैदिक मंत्रों के बीच हुआ तिलक और आरती

रामलीला मंचन से पूर्व वैदिक विधि-विधान के अनुसार भगवान राम, माता सीता और अन्य प्रमुख पात्रों का तिलक व आरती की गई। यह कार्य रामदौर मिश्र द्वारा मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। मंचन की शुरुआत से पहले अतुल जायसवाल, संजीव मिश्र, कृष्ण गोपाल गुप्त, राधेश्याम शुक्ल, अरुण मिश्र, आशाराम मौर्य, विकाश निषाद, अजीत मौर्य और बंटी मिश्र ने धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भागीदारी की।

Back to top button