12 अक्टूबर को दो पालियों में होगी परीक्षा

  • 500 मीटर दायरे में फोटोस्टेट, स्कैनर व प्रिंटर रहेंगे बंद
  • कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई
  • आधार कार्ड की जांच अनिवार्य, अनुचित साधन पर होगी कड़ी कार्रवाई

अकबरपुर (अम्बेडकर नगर)। सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा -2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज, अकबरपुर के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश और प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

परीक्षा 12 अक्टूबर को दो पालियों में होगी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि उक्त परीक्षाएं 12 अक्टूबर 2025 को दो पालियों में सम्पन्न होंगी। प्रथम पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक निर्धारित की गई है। जनपद में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 11304 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

प्रशासन ने कमर कसी, पूरी निगरानी में होगी परीक्षा
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सहायक केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कक्ष निरीक्षक अपनी-अपनी निर्देश पुस्तिका का भली-भांति अवलोकन करें और दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन सुनिश्चित करें।

परीक्षा केंद्रों की एक दिन पहले होगी जांच
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नियुक्त अधिकारी परीक्षा से एक या दो दिन पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें। इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक से संपर्क स्थापित कर समस्त व्यवस्थाओं की पुष्टि करें। केंद्र की गतिविधियों से पूर्ण रूप से अवगत होकर सभी आवश्यक तैयारियों को समय रहते सुनिश्चित किया जाए।

Back to top button