
अंबेडकरनगर | उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस), एसीएफ और आरएफओ परीक्षा में शामिल होने अंबेडकरनगर पहुंचे 250 से अधिक परीक्षार्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन ने एक बार फिर अपना सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए निःशुल्क रुकने, खाने और आने-जाने की व्यवस्था कर अभ्यर्थियों का भरोसा जीत लिया है।
फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के निर्देशन में की गई इस व्यवस्था से न केवल परीक्षार्थियों को मानसिक सुकून मिला, बल्कि कई सौ किलोमीटर का सफर तय कर आए छात्रों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी गई।
मौर्य लॉन में ठहराए गए छात्र, AC रूम और भोजन की सुविधा
पुंथर, टांडा स्थित मौर्य स्टेट मैरिज लॉन में परीक्षार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई, जहां एसी कमरों में आवास, शुद्ध और पोषणयुक्त भोजन, पढ़ाई के लिए शांत माहौल और परीक्षा केंद्र तक गाड़ियों की व्यवस्था दी गई।
विवेक मौर्य की इस पहल को छात्रों ने “अभूतपूर्व” बताया। परीक्षा की पूर्व संध्या को ही छात्रों का स्वागत कर उन्हें लॉन में ठहराया गया, ताकि वे परीक्षा से पहले तनावमुक्त रह सकें।
बाहर से आए छात्रों को मिली बड़ी राहत
यह सुविधा विशेष रूप से प्रयागराज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, दिल्ली सहित अन्य जिलों और राज्यों से आए उन परीक्षार्थियों के लिए थी जिनका परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर पड़ा था। आमतौर पर परीक्षाओं के दौरान होटलों में जगह न मिलना, भोजन की समस्या और शोर-शराबे से अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन नारायण फाउंडेशन की इस व्यवस्था से छात्रों को पूर्ण राहत मिली।









