- भाजपा मनाएगी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस
- युवाओं को ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के आदर्शों से जोड़ा जाएगा
- जिलास्तरीय 8 किमी लंबी पदयात्रा 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ मनाएगी। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रदर्शित करना है।
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने बताया कि इन आयोजनों में युवाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने विभाजित भारत को एकजुट किया, उसी भावना को इन कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। युवाओं को ‘एक भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलास्तरीय पदयात्रा से होगा राष्ट्रीय एकता का संदेश
बैजनाथ रावत ने जानकारी दी कि जिलास्तरीय पदयात्रा 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा होगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता फैलाना है।
पदयात्रा से पहले युवाओं और स्थानीय लोगों को जोड़ने के लिए स्कूल और कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और सरदार पटेल के जीवन पर आधारित नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और युवाओं में सरदार पटेल की जीवनदृष्टि और राष्ट्रभक्ति के संदेश को फैलाया जाएगा।








