- यमुना ब्रिज नगला फतूरी में चोरों ने अलमारी तोड़कर सोना, चांदी और नकदी उड़ा ली
- परिवार शादी में कोटा गया था, चोरी की जानकारी पड़ोसियों ने दी
- पुलिस ने मौके पर किया मुआयना, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के यमुना ब्रिज नगला फतूरी में चोरों ने बंद घर से करीब 7 तोला सोने के जेवर, चांदी के जेवर और लगभग डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब मिली जब घर के सामने रहने वाले साले ने दरवाजे खुले देखे और अंदर जाकर सामान बिखरा पड़ा पाया।
पीड़ित अब्दुल सत्तार और उनका परिवार शादी में कोटा, राजस्थान गए हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर रेलवे स्टेशन वाली साइड के जंगला तोड़कर घर में घुसे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर मुआयना किया और फोरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि चोरी की वास्तविक रकम और जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।








