लखनऊ में रुक-रुककर बारिश से बढ़ी ठंड

लखनऊ में रातभर रुक-रुककर हुई बारिश

पूर्वी हवाओं से बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट

चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ से यूपी में मौसम बदला

पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश की संभावनालखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारों से शहर का मौसम ठंडा हो गया है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पूर्वी हवा चल रही है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिनभर में कई बार बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंढ की शुरुआत हो जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया था। बारिश की वजह से हवा पूरी तरह साफ हो गई है, पेड़-पौधों की पत्तियों पर जमी धूल भी धुल गई है।

पूर्वांचल में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। यह तूफान 28 अक्टूबर की रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था और अब कमजोर होकर दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है। इसके प्रभाव से 30 और 31 अक्टूबर को पूर्वांचल के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, “31 अक्टूबर तक प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। 1 नवंबर से बारिश कम हो जाएगी और 2 नवंबर तक मौसम साफ होने लगेगा।” लखनऊ में तब धूप-छांव की स्थिति बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button