मंशापुर कुटी में ज्वेलर्स की दुकान से चोरी

अम्बेडकरनगर। जिले के महरूआ थाना क्षेत्र में बीती रात मंशापुर कुटी के पास स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे से सेंध लगाकर अंदर रखा सोना-चांदी और नगद सामान चोरी कर लिया। घटना का खुलासा सुबह दुकान खुलने पर हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

दुकान के पीछे से लगाई सेंध

जानकारी के अनुसार, राम लखन महेश कुमार ज्वेलर्स नामक दुकान के मालिक मुकेश कुमार हर दिन की तरह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया और भीतर रखे कीमती आभूषण अपने साथ ले गए।

चोरों ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।

सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर

घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी साथ ले गए, ताकि पहचान संबंधी कोई साक्ष्य पुलिस को न मिल सके। इससे यह स्पष्ट होता है कि चोरी की घटना योजनाबद्ध तरीके से की गई थी।

सुबह जब दुकानदार ने दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। अलमारी और तिजोरी टूटी हुई थीं तथा सारा सामान बिखरा पड़ा था।

दुकानदार ने दी पुलिस को तहरीर

पीड़ित दुकानदार मुकेश कुमार ने तत्काल महरूआ थाने में पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने पुलिस से घटना की पूरी जांच कर चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button